Visitors have accessed this post 19 times.

हाथरस की सामाजिक संस्था निःस्वार्थ सेवा संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने जा रही है। संस्था द्वारा आगामी 31 मई 2026, रविवार को प्रातः 9:00 बजे हाथरस स्थित दून पब्लिक स्कूल में भव्य “मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 2026” का आयोजन किया जाएगा।
इस सम्मान समारोह का उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनका मनोबल बढ़ाना और अन्य छात्रों को प्रेरणा देना है। संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। संस्था द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार यूपी बोर्ड में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा सीबीएसई बोर्ड में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल हो सकेंगे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा पात्र विद्यार्थियों को मंच पर स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। संस्था ने हाथरस जिले के सभी योग्य छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
संस्थान की ओर से आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल रखा गया है। पात्र विद्यार्थी आधिकारिक गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से अपनी जानकारी और मार्कशीट अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। गूगल फॉर्म लिंक एवं अन्य जानकारी संस्था के आधिकारिक फेसबुक पेज @nsshts पर उपलब्ध कराई गई है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक 9711458528 एवं 8755054555 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरूण राघव, निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, डॉ. रंगेश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA