Visitors have accessed this post 12 times.

हाथरस के ग्राम दयानतपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीराम अवतार एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा का श्रवण किया। कथा व्यास श्रद्धेय आचार्य बाल बैरागी पचौरी जी महाराज ने भगवान श्रीराम जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया और भक्ति भाव में झूमते नजर आए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने कथा व्यास का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने श्रीमद्भागवत जी की पूजा-अर्चना एवं आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग, ग्रामीण एवं भक्तजन उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA