Visitors have accessed this post 38 times.
हाथरस। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ओढ़पुरा द्वितीय लाल बहादुर के निर्देशन में बुधवार को विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय चंदपा क्षेत्र में बड़े स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्तता और ओवरलोडिंग की समस्या को रोकने के उद्देश्य से संचालित किया गया।
अभियान के तहत उपकेंद्र गिजरौली ग्रामीण से जुड़े ग्राम मीतई, आशीर्वाद कुंज एवं गिजरौली क्षेत्र में अधिकतम विद्युत भार अवधि के दौरान जांच की गई। चेकिंग के दौरान लगभग 11.05 लाख रुपये के बकायेदार 29 उपभोक्ताओं के विद्युत संयोजन विच्छेदित कर दिए गए।
इसके अलावा 6 उपभोक्ता अनाधिकृत तरीके से बिजली का उपयोग करते हुए पाए गए, जिनके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा 41 उपभोक्ताओं के विद्युत भार में वृद्धि की प्रक्रिया भी की गई।
अवैध रूप से विद्युत उपयोग करते पाए गए उपभोक्ताओं में भगवान सिंह पुत्र ओमकार, विक्की पत्नी कन्हैया लाल, पुष्पा देवी पत्नी सुरेश चंद, हरबंश पुत्र हरप्रसाद, मंजू देवी पत्नी मांगीलाल (सभी निवासी मीतई) तथा सचिन पुत्र प्रकाश सिंह निवासी आशीर्वाद कुंज शामिल हैं।
इस अभियान में उपखंड अधिकारी अभिषेक राठौर, अवर अभियंता जितेंद्र, मुकेश निगम एवं संबंधित लाइन स्टाफ मौजूद रहे। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने तथा वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली उपयोग करने की अपील की है।









