Visitors have accessed this post 19 times.

मुरसान : बुधवार सुबह विजिलेंस टीम द्वारा की गई छापेमार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत टीम ने आर्य समाज रोड, राम मंदिर रोड, छोटा बाजार, बड़ा बाजार, स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान विजिलेंस विभाग के सब इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारियों ने बिजली के पोलों, मीटरों और बिजली लाइनों की गहन जांच की। टीम के सदस्य कई घरों की छतों पर भी पहुंचे और अवैध कनेक्शन तथा बिजली चोरी के संभावित मामलों की पड़ताल की। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व हानि को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान संदिग्ध कनेक्शनों की भी पड़ताल की गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में खलबली मची रही, जबकि आम उपभोक्ताओं ने विभाग के इस अभियान का स्वागत किया। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान चलाकर बिजली चोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

INPUT – VIRENDRA SHARMA