Visitors have accessed this post 58 times.

गाजियाबाद : हरियाणवी लोक संगीत और रागिनी गायन की दुनिया से एक दुखद समाचार सामने आया है। अपनी दमदार आवाज, बेहतरीन मंचीय प्रस्तुतियों और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाने वाले लोकप्रिय रागिनी गायक पेप्सी शर्मा का निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से हरियाणवी संगीत जगत और उनके लाखों प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेप्सी शर्मा को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया। हालांकि उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पेप्सी शर्मा गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र स्थित पतला गांव के निवासी थे। उन्होंने ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर हरियाणवी लोक संगीत और रागिनी गायन में विशेष पहचान बनाई थी। उनकी गायकी और मंचीय अंदाज ने उन्हें प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में लोकप्रिय बनाया। उनके निधन से लोक संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। सोशल मीडिया पर कलाकारों, प्रशंसकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है। पेप्सी शर्मा का योगदान हरियाणवी लोक संस्कृति और रागिनी परंपरा में हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।

INPUT – BRAJMOHAN THENUA