Visitors have accessed this post 492 times.

हाथरस : ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के श्री दाऊजी महाराज मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ बैठक कर मेले की प्रस्तावित व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा विभिन्न प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व वर्षों में आयोजित श्री दाऊजी महाराज मेले की व्यवस्थाओं, आयोजित कार्यक्रमों, व्यय की गई धनराशि एवं टेंडर प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों के दृष्टिगत शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्यों की रूपरेखा समयबद्ध तरीके से तैयार की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने मेले के आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA