Visitors have accessed this post 480 times.
हाथरस : वित्तविहीन शिक्षक महासभा, जनपद हाथरस के जिला अध्यक्ष आर.पी. शर्मा ने नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रणवीर सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने जनपद के वित्तविहीन विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के समक्ष रखा। उन्होंने विद्यालयों के संचालन, शैक्षिक व्यवस्थाओं एवं शिक्षकों से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान की मांग की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी शिक्षकों एवं संगठनों से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की। वित्तविहीन शिक्षक महासभा के जिला अध्यक्ष आर.पी. शर्मा ने विश्वास जताया कि नवागत बीएसए के नेतृत्व में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। इस मुलाकात को शिक्षा क्षेत्र में समन्वय और संवाद की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

INPUT – YATENDRA PRATAP











