Visitors have accessed this post 403 times.

हाथरस : 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दून पब्लिक स्कूल, हाथरस में प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल के नेतृत्व में योगाभ्यास, ध्यान एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातः 6:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक रॉबिन वार्ष्णेय द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास तकनीकों का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। योग सत्र के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए हाथरस स्थित वृद्धाश्रम का भी दौरा किया। वहां वरिष्ठ नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया गया तथा उन्हें आम, केले एवं फ्रूटी वितरित कर सम्मानित किया गया। इस सेवा कार्य की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे समाज के प्रति सकारात्मक पहल बताया। प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का सफल संगम बताया।

INPUT – RAHUL SHARMA