Visitors have accessed this post 107 times.

हाथरस सादाबाद क्षेत्र के ग्राम बिसाबर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंडित विवेक उपाध्याय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की। जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी पुष्पेंद्र फौजदार के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। आग लगने की इस घटना में पुष्पेंद्र फौजदार का मकान, टेंट व्यवसाय का सामान तथा जूते की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जिससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बताया गया कि आगामी 6 जुलाई को परिवार की दो बेटियों का विवाह निर्धारित है। ऐसे समय में हुए इस हादसे ने परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से गंभीर संकट में डाल दिया है। पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान विवेक उपाध्याय ने कहा कि प्रशासन को तत्काल सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए, ताकि परिवार इस कठिन परिस्थिति से उबर सके और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का पीड़ित परिवार तक न पहुंचना चिंता का विषय है। इस अवसर पर पूर्व शहर अध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल, जिला महासचिव कृष्ण एडवोकेट सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

INPUT – RAHUL SHARMA