Visitors have accessed this post 26 times.

हाथरस : भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में हाथरस जनपद को बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मिली है। जिले के दो प्रमुख चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए भाजपा ने संगठन में हाथरस की मजबूत भागीदारी का संदेश दिया है। सासनी क्षेत्र के ग्राम टुकसान (लुटसान) निवासी बृजबहादुर भारद्वाज को पुनः भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि सासनी कस्बे के निवासी एवं मीडिया क्षेत्र से जुड़े यतेंद्र शर्मा को पहली बार भाजपा का प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
यतेंद्र शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही उनके आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी का इजहार किया। जिले में दोनों नेताओं के स्वागत की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
चार दशक से संगठन को दे रहे हैं सेवाएं बृजबहादुर भारद्वाज
बृजबहादुर भारद्वाज का राजनीतिक और संगठनात्मक जीवन चार दशकों से अधिक पुराना है। उन्होंने वर्ष 1980 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 1985 से 1990 तक वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे। इसके बाद 1990 से भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न संगठनात्मक दायित्व निभाते हुए उन्होंने लगातार अपनी कार्यशैली का प्रभाव छोड़ा।
वर्ष 2004 में उन्हें अलीगढ़ विभाग का विभाग संगठन मंत्री बनाया गया। इसके बाद उन्होंने मुरादाबाद-बिजनौर और गाजियाबाद विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2015 में उन्हें नमामि गंगे उत्तर प्रदेश का प्रमुख बनाया गया। 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया। इसके अलावा उन्होंने भाजपा के पिछड़ा वर्ग एवं किसान मोर्चा के सह-प्रभारी के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछली प्रदेश कार्यकारिणी में भी वे प्रदेश उपाध्यक्ष थे और अब एक बार फिर उसी पद पर उनकी नियुक्ति की गई है।
यतेंद्र शर्मा करेंगे राजनीतिक पारी की शुरुआत
सासनी कस्बे के निवासी यतेंद्र शर्मा लंबे समय से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और विभिन्न मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री बनाए जाने के साथ अब वे सक्रिय राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। उनकी नियुक्ति को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे जिले के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में हाथरस के दो नेताओं को मिली इन अहम जिम्मेदारियों से जिले का राजनीतिक महत्व और अधिक बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि दोनों नेता संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

INPUT – RAHUL SHARMA