Visitors have accessed this post 11 times.

हाथरस जनपद के सादाबाद कस्बे में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 37 वर्षीय टेलर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर में बिजली से संबंधित कार्य कर रहे थे। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए और अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अतेंद्र कुमार (37 वर्ष) पुत्र रामगोपाल निवासी कन्या जूनियर हाई स्कूल गली, सादाबाद के रूप में हुई है। अतेंद्र पेशे से टेलर थे और सिलाई का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि शुक्रवार को घर में बिजली का काम करते समय अचानक उन्हें तेज करंट लग गया। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें बचाया नहीं जा सका। अतेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में बिजली संबंधी कार्य करते समय सुरक्षा उपायों को अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जा रहा है।

INPUT – KANHAIYA LAL