Visitors have accessed this post 16 times.

हाथरस : चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर हाथरस चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने देशभर के सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) एवं सीए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसोसिएशन ने इस अवसर पर देश की आर्थिक प्रगति, वित्तीय पारदर्शिता और सुशासन में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन वार्ष्णेय ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स उद्योग, व्यापार, कराधान, वित्तीय प्रबंधन और कॉरपोरेट प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय पारदर्शिता और सुशासन को सुदृढ़ करने में सीए समुदाय का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। एसोसिएशन के सचिव सीए गीतांश बिंदल ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, नैतिक मूल्यों और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और विद्यार्थियों से व्यावसायिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया। कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि 1 जुलाई 1949 को इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की स्थापना के साथ भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे की औपचारिक शुरुआत हुई थी। वर्तमान में देश में लगभग 4.3 लाख से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ICAI के सदस्य हैं, जो कर व्यवस्था, वित्तीय अनुशासन, कॉरपोरेट गवर्नेंस और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। एसोसिएशन ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर सभी वरिष्ठ एवं नवोदित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तथा सीए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्कृष्टता के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

INPUT – AMIT SHARMA