Visitors have accessed this post 8 times.
हाथरस-मथुरा रोड पर मुरसान कस्बे के कंचना फाटक के पास एक रोडवेज बस के सामने अचानक गोवंश आ जाने से बड़ा हादसा हो गया। गोवंश से टकराने के बाद चालक को इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे बस में बैठी 6 से 7 सवारियां आपस में टकराकर घायल हो गईं। हादसे के बाद बस भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसे मुरसान रेलवे स्टेशन के पास खड़ा करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस मथुरा से बदायूं जा रही थी। बदायूं निवासी हरिओम ने बताया कि बस जैसे ही मुरसान के कंचना फाटक के पास पहुंची, तभी अचानक एक गोवंश सड़क पर आ गया। चालक ने दुर्घटना से बचने के लिए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन बस गोवंश से टकरा गई। तेज झटके के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में हरिओम, मीना देवी, रजत समेत करीब 6 से 7 यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद बस क्षतिग्रस्त होने के कारण आगे चलने की स्थिति में नहीं रही। इसके बाद परिचालक ने यात्रियों को दूसरी रोडवेज बसों में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना करने की व्यवस्था की। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने यात्रा में देरी होने के कारण किराया वापस करने की मांग की। इस बात को लेकर परिचालक और कुछ यात्रियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक और हंगामा होता रहा। बाद में अन्य बसों में यात्रियों को भेजकर स्थिति को सामान्य किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथरस-मथुरा मार्ग पर आवारा गोवंश की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे आए दिन सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











