Visitors have accessed this post 11 times.

सिकंद्राराऊ  के मुख्य डाकघर में एक बुजुर्ग महिला की सीढ़ियां चढ़ते समय हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर सामाजिक संगठनों में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय विप्र एकता मंच ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रशासन को आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मित्रेश चतुर्वेदी ने सिकंद्राराऊ के कासगंज रोड स्थित पीड़िता श्रेया दीक्षित के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यदि संबंधित कार्यालय सहायक के खिलाफ जल्द मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिला, तो संगठन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

क्या है पूरा मामला?

परिवार के अनुसार, श्रेया दीक्षित के दिवंगत पिता रामसेवक शर्मा भारतीय डाक विभाग में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से संबंधित दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए परिवार पिछले करीब 11 महीनों से मुख्य डाकघर, हाथरस के चक्कर लगा रहा था। शिकायत के अनुसार, 4 जून 2026 को श्रेया अपनी बुजुर्ग मां राधा रानी को लेकर मुख्य डाकघर पहुंचीं। परिवार का आरोप है कि महिला गंभीर अस्थमा और मोटापे से पीड़ित थीं। कार्यालय पहली मंजिल पर होने के कारण श्रेया ने संबंधित कर्मचारी से नीचे आकर हस्ताक्षर कराने का अनुरोध किया, लेकिन आरोप है कि कर्मचारी ने इससे इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि मजबूरी में बुजुर्ग महिला को सीढ़ियों से ऊपर ले जाया गया, जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और सांस उखड़ने के कारण सीढ़ियों पर ही उनकी मौत हो गई।

परिवार ने की कार्रवाई की मांग

परिवार का कहना है कि घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक, हाथरस को शिकायत पत्र देकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। अब राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के समर्थन के बाद इस मामले में प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। हालांकि, इस मामले में संबंधित कर्मचारी या डाक विभाग की ओर से इस समाचार के प्रकाशित होने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, पंडित चेतन शर्मा, विशाल दीक्षित, आकाश शर्मा, अशोक शर्मा और शिवम दीक्षित सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA