Visitors have accessed this post 61 times.
हाथरस : जनपद में झोलाछाप क्लीनिकों और अवैध चिकित्सालयों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देश पर मंगलवार को हसायन, सासनी और सहपऊ क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान कई क्लीनिकों को बंद कराया गया, जबकि कई संचालकों को नोटिस जारी कर अभिलेख और पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में हसायन के शिव शक्ति क्लीनिक को चेतावनी देते हुए दो दिन के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने और चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गढ़ौला चौराहा स्थित डॉ. गौतम के क्लीनिक को पूर्व नोटिस का जवाब न देने पर बंद करा दिया गया। श्रीमती कपूरी देवी के क्लीनिक एवं डिलीवरी सेंटर, डॉ. कांती प्रसाद के क्लीनिक, बल गोपाल प्राकृतिक चिकित्सालय तथा मनोसा देवी इलेक्ट्रोहोम्योपैथी क्लीनिक को नोटिस जारी कर अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं सासनी के ड्रिम्स केयर पैथोलॉजी, सहपऊ के मानीकपुर में संचालित एक अवैध चिकित्सकीय प्रतिष्ठान तथा डॉ. अकरम सुलेमानी के नाम से संचालित एक अन्य क्लीनिक को आवश्यक पंजीकरण और दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों के संचालित झोलाछाप क्लीनिकों व अवैध चिकित्सालयों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – RAHUL SHARMA











