Visitors have accessed this post 14 times.
हाथरस के मुरसान श्रद्धा और आस्था का अनूठा उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब कानपुर के शिवराजपुर क्षेत्र के ग्राम महिपालपुर निवासी सचिन उर्फ ‘देसी टार्जन’ प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन के लिए दंडवत (सपाटे) यात्रा करते हुए मुरसान पहुंचे। कानपुर से वृंदावन तक की लगभग 346 किलोमीटर लंबी यात्रा वह अपने संकल्प के साथ पूरी कर रहे हैं। बताया गया कि सचिन ने 1 जुलाई को अपने गांव से यात्रा शुरू की थी। मुरसान पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया और उनकी श्रद्धा की सराहना की। सचिन ने बताया कि लंबे समय से उनका सपना था कि वह दंडवत यात्रा करते हुए वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करें। उन्होंने कहा कि वृंदावन पहुंचने के बाद वह प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम में दर्शन करेंगे। इसके अलावा बांके बिहारी मंदिर, गोकुल और बरसाना सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दर्शन करने का उनका संकल्प है। इस कठिन धार्मिक यात्रा में उनके पिता मनोज कुमार और छोटे भाई धर्मेंद्र लगातार उनके साथ चल रहे हैं और हर कदम पर सहयोग कर रहे हैं। सचिन का कहना है कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो वह अगले 4 से 5 दिनों में वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करेंगे। सचिन की यह आस्था यात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। रास्ते में लोग उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं और उनकी श्रद्धा को नमन कर रहे हैं।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











