Visitors have accessed this post 314 times.

हाथरस : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए जनपद हाथरस की विधानसभा क्षेत्र 79-सादाबाद में 10 अगस्त 2026 को विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का ऐलान किया है। इस सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि इसमें बसपा के राष्ट्रीय संयोजक माननीय आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन को ऐतिहासिक और शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसमें हाथरस सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, सेक्टर एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। सम्मेलन के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति को धार देने तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का प्रयास किया जाएगा। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, पार्टी की नीतियों, बहुजन समाज के हितों तथा आगामी राजनीतिक दिशा पर विस्तार से विचार रख सकते हैं। सम्मेलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जा रही है। राजनीतिक दृष्टि से यह सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस आयोजन के माध्यम से बहुजन समाज पार्टी सादाबाद विधानसभा सहित पूरे हाथरस जनपद में अपने संगठनात्मक विस्तार और जनाधार को नई मजबूती देने का प्रयास करेगी। अब सभी की निगाहें 10 अगस्त को होने वाले इस बहुप्रतीक्षित कार्यकर्ता सम्मेलन पर टिकी हैं।

INPUT – RAHUL SHARMA