Visitors have accessed this post 216 times.
हाथरस के सासनी तहसील क्षेत्र के ग्राम जरैया गदाखेड़ा के दो ग्रामीणों ने अपनी निजी भूमि पर कथित रूप से कराए जा रहे सड़क निर्माण को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सासनी को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में निर्माण कार्य को नियमों के विरुद्ध बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता दलवीर सिंह एवं रेशम सिंह पुत्रगण बाबूलाल, निवासी मौहल्ला पल्टन, जरैया गदाखेड़ा ने आरोप लगाया है कि ग्राम जरैया गदाखेड़ा के खसरा संख्या 214/1 में स्थित 0.020 हेक्टेयर भूमि उनकी निजी संपत्ति है और यह क्षेत्र ग्राम पंचायत के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद नगर पंचायत सासनी द्वारा वहां सड़क (गली) निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ स्थानीय लोगों ने बिना भूमि बंटवारे के नगर पंचायत से कथित सांठगांठ कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नगर पंचायत को उक्त स्थान पर निर्माण कराने का अधिकार क्षेत्र नहीं है। पीड़ितों ने एसडीएम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नियमों की अनदेखी करते हुए कराए जा रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश जारी किए जाएं।

INPUT – DEV PRAKASH











