Visitors have accessed this post 83 times.

हाथरस के मुरसान कस्बे में कुछ दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद कर लिया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ा दी हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत 28 जुलाई को थाना मुरसान के उपनिरीक्षक हरिओम अग्निहोत्री ने न्यायालय से स्वीकृत पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपी रॉकी उर्फ राकेश पुत्र अशोक, निवासी नगला अनी, थाना मुरसान, से पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर महेंद्र प्रताप कॉलोनी, मुरसान के पास खेत में स्थित एक ट्यूबवेल के निकट से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे निर्धारित रिमांड अवधि के भीतर जिला कारागार अलीगढ़ भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फायरिंग की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और मामले में आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA