Visitors have accessed this post 39 times.

हाथरस : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में नगला भूस, आगरा रोड स्थित वृद्ध आश्रम में धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों का चंदन का तिलक लगाकर और सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर अभिनंदन किया। इस आत्मीय सम्मान से वृद्धजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम परिसर स्थित मंदिर में भगवान के समक्ष दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण और वंदना के साथ हुई। इसके बाद समिति के सदस्यों ने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्धजनों के लिए स्वादिष्ट दोपहर के भोजन एवं महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सम्मान का संदेश देने वाला विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है और प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सलाहकार धीरज पाण्डेय, जिला अध्यक्ष रण सिंह सिसोदिया, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला संरक्षक एवं आरबीएस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजकुमार सिंह, जिला सचिव ओमवीर सिंह, पवन कुमार, मोहन लाल दुबे, नीरज कुशवाहा, दीपक पाण्डेय, सुनील कुमार, एडवोकेट ए.के. शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। वृद्ध आश्रम की प्रबंधक नीतू मिश्रा, भंडार प्रभारी कोमल सिंह, सुरक्षाकर्मी प्रद्युम्न, रसोइया शनी एवं अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उन्होंने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की उम्मीद जताई। समिति का यह आयोजन केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में सेवा, सम्मान, संस्कार और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रेरणादायी संदेश भी देकर गया।

INPUT – RAHUL SHARMA