Visitors have accessed this post 168 times.
हाथरस जिले में एक दर्दनाक हादसे में फिरोजाबाद में डायल-100 सेवा पर तैनात पुलिसकर्मी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुरसान थाना क्षेत्र के गांव नगला बाबू निवासी सोनवीर सिंह (35 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, सोनवीर सिंह फिरोजाबाद में डायल-100 पर पुलिसकर्मी के पद पर तैनात थे। उनकी मां मालती देवी पिछले कई दिनों से बीमार थीं और आगरा के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। मां का हालचाल जानने के बाद सोनवीर अपने गांव लौट आए थे। इसके बाद वह किसी निजी कार्य से बाइक से हाथरस की ओर निकले थे। बताया जा रहा है कि हातिसा क्षेत्र के पास वह रेलवे ट्रैक के किनारे रुके थे। इसी दौरान गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार सुबह जैसे ही परिजनों को घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पुलिसकर्मी की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनवीर सिंह अपने पीछे पत्नी लज्जावती, दो बेटे, चार भाई और एक बहन सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह अपने भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
INPUT – VIRENDRA SHARMA











