breaking 1

Visitors have accessed this post 19 times.

हाथरस जिले के मुरसान थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की पहचान प्रदीप उर्फ संदीप के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उधार के पैसों को लेकर गांव के कुछ लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार, प्रदीप ने कुछ समय पहले मोबाइल फोन खरीदने के लिए गांव के एक परिवार से पैसे उधार लिए थे। आरोप है कि समय पर रकम वापस न कर पाने पर संबंधित लोग उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। परिवार का यह भी कहना है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था और उससे परिवार से झगड़ा कर पैसे लाने के लिए कहते थे। बताया गया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे प्रदीप शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के सामने स्थित मुर्गी फार्म पर वह फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल हाथरस लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे 11 वर्षीय एक बेटे को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मुरसान कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA