Visitors have accessed this post 66 times.

हाथरस : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस में आयोजित समीक्षा बैठक में बैंक की ग्राहक सेवा को और बेहतर बनाने, डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने तथा सितंबर 2026 तक निर्धारित व्यवसायिक लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में शिविर कार्यालय, मुरादाबाद से आए सहायक महाप्रबंधक अनिरुद्ध सिंह ने अधिकारियों एवं चयनित शाखा प्रबंधकों के साथ बैंक के व्यवसाय, ऋण वितरण, ऋण वसूली, एनपीए नियंत्रण, ग्राहक सेवा और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक की शुरुआत क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा द्वारा सहायक महाप्रबंधक का स्वागत कर की गई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंक की भूमिका और उपलब्धियों की जानकारी दी। सहायक महाप्रबंधक अनिरुद्ध सिंह ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण, प्रभावी ऋण वसूली, एनपीए में कमी, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीम भावना, अनुशासित कार्यशैली और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने से बैंक नए व्यवसायिक लक्ष्य आसानी से हासिल कर सकता है। बैठक में एनपीए नियंत्रण, ऋण वसूली और जमा संवर्धन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शाखाओं की सराहना की गई। साथ ही अन्य शाखा प्रबंधकों से भी बेहतर प्रदर्शन कर बैंक की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया गया। बैठक के समापन पर क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के माध्यम से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय के सभी विभागों के अधिकारी एवं चयनित शाखाओं के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA