Visitors have accessed this post 14 times.
हाथरस : भारत सरकार के ‘राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण अभियान’ एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने अलीगढ़ रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया। इस दौरान पं. आशीष शर्मा ने नागरिकों को छायादार एवं फलदार पौधे तथा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) वितरित किए। वहीं, अपने जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने निर्धन एवं असहाय लोगों को धूप और बारिश से बचाव के लिए छतरियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पं. आशीष शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की शान, स्वाभिमान और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है, जबकि पौधे आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य और पर्यावरण संतुलन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वितरित किए गए पौधों को केवल उपहार न समझें, बल्कि उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही पौधारोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने पं. आशीष शर्मा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA










