Visitors have accessed this post 19 times.

हाथरस जनपद के गांव चंदपा में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, आशा कार्यकत्री एवं एएनएम के कार्यों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के पोषण ट्रैकर ऐप, आशा कार्यकत्री के रजिस्टर तथा एएनएम के अभिलेखों का मिलान कर पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के विवरण की जांच की गई। अधिकारियों ने रिकॉर्ड में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सभी पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने, टीकाकरण सेवाओं की निगरानी करने तथा अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने नहीं पाएगा। निरीक्षण के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी मुरसान, मेडिकल ऑफिसर, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां एवं आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

INPUT – RAHUL SHARMA