Visitors have accessed this post 14 times.

हाथरस, 15 अगस्त 2026। रावत शिक्षा समिति द्वारा संचालित दिव्यांग निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता दिवाकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डौली माहौर, वासुदेव माहौर, राजेश उपाध्याय, सतीश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती एवं देश के अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन किया गया। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. एम.एल. रावत, अर्चना शर्मा तथा राजमाला ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा और पीयूष रावत ने किया। अपने संबोधन में डॉ. एम.एल. रावत ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। डौली माहौर एवं वासुदेव माहौर ने संस्था के साथ अपने लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए दिव्यांगजनों की सेवा को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

मुख्य अतिथि श्रीमती श्वेता दिवाकर ने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और देश के इतिहास की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने संस्था द्वारा दिव्यांग बच्चों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिठाई एवं अन्य सामग्री वितरित की गई।इस अवसर पर एस.पी. उपाध्याय, विनोद, दिनेश चौधरी, कल्पना, विष्णु, पूजा, सपना, गुशवु, पिंकी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA