Visitors have accessed this post 109 times.
हाथरस जनपद : अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को व्यापक कार्रवाई की। विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए दो पैथोलॉजी लैब और दो अपंजीकृत क्लिनिकों को सील कर दिया, जबकि तीन संस्थानों को नोटिस जारी किए गए। जानकारी के अनुसार, एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने सासनी ब्लॉक के समामईन गांव में संचालित इंदिरा पैथोलॉजी लैब को सील किया। वहीं, डॉ. प्रवीण भारती ने हाथरस में मैक्स पैथोलॉजी के तमन्ना गढ़ी स्थित कलेक्शन सेंटर को नोटिस जारी किया। इसके अलावा डॉ. आलम ने नूर डेंटल क्लिनिक को भी नोटिस दिया। इसी क्रम में भगवंतपुर, मुरसान रोड स्थित ॐ अंबे पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया। वहीं, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी क्षेत्र की चिकित्सा प्रभारी टीम के साथ आरती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए रमेश और भंडारी के नाम से संचालित दो अपंजीकृत क्लीनिकों को सील किया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा अपंजीकृत और नियमों के विरुद्ध संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रखा जा रहा है।

INPUT – RAHUL SHARMA











