Visitors have accessed this post 78 times.

हाथरस। जनपद में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब और अपंजीकृत क्लिनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को विभाग की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर दो पैथोलॉजी लैब और दो अपंजीकृत क्लिनिकों को सील कर दिया। इसके अलावा तीन चिकित्सा संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने सासनी ब्लॉक के समामईन गांव में संचालित इंदिरा पैथोलॉजी लैब पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। वहीं, डॉ. प्रवीण भारती ने हाथरस के तमन्ना गढ़ी स्थित मैक्स पैथोलॉजी के कलेक्शन सेंटर को नोटिस जारी किया। इसके साथ ही डॉ. आलम ने नूर डेंटल क्लिनिक को भी नोटिस दिया।

इसी क्रम में भगवंतपुर, मुरसान रोड स्थित ॐ अंबे पैथोलॉजी लैब को भी सील किया गया। वहीं, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी क्षेत्र की चिकित्सा प्रभारी टीम के साथ आरती क्षेत्र में निरीक्षण एवं कार्रवाई की। इस दौरान रमेश और भंडारी के नाम से संचालित दो अपंजीकृत क्लिनिकों को सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जनपद में नियमों के विरुद्ध संचालित चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा अपंजीकृत चिकित्सा संस्थानों की जांच और उनके खिलाफ कार्रवाई का अभियान जारी रखा जा रहा है।

इनपुट : राहुल शर्मा