Visitors have accessed this post 16 times.
हाथरस : कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत हाथरस जनपद की सातों ब्लॉकों में व्यापक संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। तीन दिनों तक चले इस अभियान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के पर्यवेक्षकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से संवाद स्थापित किया। बैठकों में संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान हाथरस जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन को लेकर भी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से सुझाव एवं राय ली गई। AICC पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा ने कहा कि कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की बात सुनना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि नए जिलाध्यक्ष के चयन में कार्यकर्ताओं की भावनाओं, संगठन के प्रति समर्पण और जमीनी सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि संगठन सृजन अभियान में जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि संगठन को जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया गया निर्णय संगठन हित में होगा और सभी कार्यकर्ता मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।

बैठकों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इनमें ब्रह्मदेव शर्मा, करुणेश मोहन दीक्षित, शरद उपाध्याय, मथुरा प्रसाद कुशवाह, चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, अशोक गुप्ता, रामकुमार सारस्वत, कपिल सिंह, अब्बास हुसैन, नवीन उपाध्याय, हिमांशु सेंगर, संजीव अंधीवाल, अविनाश पचौरी और अनुज संत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस का यह संगठन सृजन अभियान हाथरस में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, प्रभावी और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

INPUT – AMIT SHARMA











