Visitors have accessed this post 85 times.

हाथरस : हरियाली तीज के पावन अवसर पर श्री रेवती मईया मेले का शुभारंभ शनिवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी राजबहादुर सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, बौहरे प्रशांत शर्मा, भाजपा जिला प्रतिनिधि बंशी पंडित, मदनमोहन गौड़ एडवोकेट, देवा पहलवान, अशोक शर्मा, पप्पन पहलवान एवं प्रवीन खंडेलवाल सहित अनेक अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आँधीवाल एडवोकेट ने किया। हरियाली तीज के उपलक्ष्य में श्री दाऊजी महाराज मंदिर में आकर्षक फूल बंगला दर्शन एवं भक्ति संगीत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजक मंजू शर्मा (बीएम जागरण पार्टी) रहीं। भक्ति संगीत सम्मेलन का शुभारंभ ब्रज वंदना से हुआ, जिसके बाद शिव-पार्वती नृत्य, राधा-कृष्ण नृत्य, मयूर नृत्य और रामदरबार की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजन गायिका मंजू शर्मा तथा कलाकार अशोक शर्मा और अशोक गोस्वामी ने अपनी मधुर मल्हार एवं भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए। इस अवसर पर राजस्व मंत्री सुरेंद्र दिलेर का नागरिक अभिनंदन समाजसेवियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष स्वेता चौधरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, सभासद संजय सक्सेना, मूलचन्द्र वार्ष्णेय, कृष्णा पहलवान, मनीष अग्रवाल, प्रदीप बुद्धा, सुमित वार्ष्णेय, अंकित गौड़ और राजा रंगीला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्रद्धा, संस्कृति और भक्ति के संगम बने इस आयोजन ने मेले के शुभारंभ को यादगार बना दिया तथा क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान प्रदान की।

INPUT – AMIT SHARMA