breaking 1

Visitors have accessed this post 82 times.

हाथरस मुरसान कस्बे की एक महिला ने सादाबाद निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, लगभग दो वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सादाबाद के कश्यप नगर निवासी एक युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि युवक ने उसके पति की बीमारी और परिवार की आर्थिक स्थिति का लाभ उठाते हुए इलाज कराने, बच्चों की परवरिश करने और शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने कथित रूप से महिला को अपने झांसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसकी वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और इसी डर का फायदा उठाकर लगातार उसका शोषण करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे विभिन्न धार्मिक स्थलों पर ले गया, जहां भी उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए। महिला के मुताबिक, हाल ही में आरोपी उसके घर आया और विरोध करने के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है कि आरोपी ने मारपीट करने के साथ ही उसके मोबाइल फोन से फोटो और चैट भी डिलीट कर दिए तथा किसी को जानकारी देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। मामले में पीड़िता ने मुरसान कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुरसान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गौतम ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA