Visitors have accessed this post 96 times.

मुरसान ग्राम पंचायत कोटा के गांव मोहनपुरा में गंदगी, जलभराव और बदहाल रास्तों से परेशान ग्रामीणों ने आगामी सादाबाद विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे लंबे समय से गंदे पानी और दलदल के बीच रहने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वहीं, रास्तों की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों को भी पढ़ने के लिए आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर अरविंद कुमार, सत्येंद्र सिंह और गौरव कुमार ने जिलाधिकारी से शिकायत की। ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा। सूचना मिलने के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी समेत अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव की गंदगी, जलभराव और रास्तों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे चुनाव का बहिष्कार करने के अपने निर्णय पर कायम रहेंगे।फिलहाल अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। अब देखना होगा कि गांव की जमीनी समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी होता है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA