Visitors have accessed this post 7 times.

मुरसान : पुलिस की वर्दी पहनकर पिस्टल के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामले में एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर मिली शिकायत के बाद मुरसान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मुरसान के खाई मोहल्ला निवासी शिवम के रूप में हुई है। आरोप है कि युवक ने पुलिस की वर्दी पहनकर पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इस मामले की शिकायत एक्स के माध्यम से पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मुरसान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि एक्स पर मिली शिकायत के आधार पर पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो वायरल करने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक फोटो में दिखाई दे रही पिस्टल के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तस्वीर में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं और युवक के पास वह किस प्रकार पहुंचा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की तस्वीरें और भ्रामक तरीके से पुलिस वर्दी के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – VIRENDRA SHARMA