Visitors have accessed this post 66 times.

हाथरस : जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने मंगलवार को जिला महिला चिकित्सालय, हाथरस का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीजेरियन सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए हर माह न्यूनतम 100 सीजेरियन कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल में 3 अतिरिक्त गाइनी चिकित्सकों को एम्पैनल्ड किए जाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। निरीक्षण में वार्ड कॉरिडोर में गंदगी, पान-गुटखे के निशान, फर्श पर पानी और मेडिसिन ट्रॉली में कूड़ा मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई तथा नियमित सफाई, कूड़े के तत्काल निस्तारण और डस्टबिन में निर्धारित मानकों के अनुसार पॉलिथिन लगाने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सकों की ड्यूटी और उपस्थिति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण लेने को कहा गया। इमरजेंसी व मेडिकोलीगल कार्य के लिए 3 चिकित्सकों की रोटेशन ड्यूटी तथा एक ईएमओ को रिलीवर के रूप में रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लैब के लिए 2 कमरों की व्यवस्था और लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। अस्पताल की कमियों को दूर कर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को 3 दिन के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

INPUT – RAHUL SHARMA