Visitors have accessed this post 30 times.

हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला मियां गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। इससे पहले पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई थी, जिसमें पत्नी के बेहोश होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, नगला मियां निवासी 45 वर्षीय भजनलाल पुत्र घमंडीलाल का बुधवार रात किसी बात को लेकर अपनी पत्नी विमलेश से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान विमलेश बेहोश होकर गिर गईं। परिजन विमलेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे भजनलाल ने घर पर फांसी लगा ली। परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में गम का माहौल है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

INPUT – KANHAIYA LAL