Visitors have accessed this post 74 times.

हाथरस : 21 सितंबर 2026 को धनगर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने और महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग को लेकर सोमवार को धनगर समाज के लोगों ने जिला अध्यक्ष पदम सिंह धनगर के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय से मुलाकात की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने पदम सिंह धनगर का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। मुलाकात के दौरान पदम सिंह धनगर ने समाज से जुड़ी दो प्रमुख समस्याएं जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष रखीं। इनमें पहली मांग धनगर समाज के लोगों के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने से संबंधित रही, जबकि दूसरी मांग महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराने को लेकर रखी गई। पदम सिंह धनगर ने जिला पंचायत अध्यक्ष से दोनों समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने दोनों विषयों को लेकर जिलाधिकारी से वार्ता करने की बात कही। बताया गया कि जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से अपने लेटर पैड पर जिलाधिकारी से धनगर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। वहीं, महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए स्थान आवंटित किए जाने का भी अनुरोध किया गया।  प्रतिमा स्थापित करने के लिए रुहेरी तिराहा पुल के नीचे और प्रताप चौराहा दो स्थान प्रस्तावित किए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि इन दोनों स्थानों में से जो स्थान आवंटित होगा, वहां महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा बनवाकर स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा। धनगर समाज के लोगों ने कहा कि यदि दोनों मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होती है तो समाज की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। इस अवसर पर प्रेम सिंह धनगर, दिनेश धनगर, गौरव धनगर, प्रमोद धनगर, पुष्पेंद्र धनगर, रविंद्र धनगर, वीरेंद्र सिंह धनगर, भोला धनगर, सतीश धनगर, प्रशांत धनगर, योगेश धनगर, यतेंद्र धनगर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA