Visitors have accessed this post 14 times.
पुरदिलनगर के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी में गणेश बाल कमेटी के तत्वावधान में अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. दत्तात्रेय द्विवेदी ने किया, जबकि अध्यक्षता रमेश चंद्र द्विवेदी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष अतिथियों एवं आगंतुकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दीप प्रज्वलन के बाद कवि सम्मेलन में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, हिंदी भाषा, राजनीति और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े काव्य पाठ का सिलसिला शुरू हुआ। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को प्रभावित किया और देर तक तालियां बटोरीं। कवि विवेकशील राघव ने अपनी रचना में व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा—
“सामने अंधों के क्या दर्पण करेंगे,
शब्द हैं हम पर, वही अर्पण करेंगे।
कल शुरू होगी शहर में रामलीला,
जिसका उद्घाटन स्वयं रावण करेंगे।” इसके बाद कवि प्रमोद विषधर ने हिंदी भाषा और भारतीय संस्कारों पर आधारित रचना प्रस्तुत करते हुए हिंदी के महत्व को रेखांकित किया। उनकी पंक्तियों ने श्रोताओं को हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और जुड़ाव का संदेश दिया। कवयित्री शाम्भवी पाठक ने सामाजिक परिस्थितियों और बदलती सभ्यता पर सवाल उठाते हुए अपनी कविता प्रस्तुत की। वहीं महेश मंजुल ने सियासत में बढ़ती बदजुबानी को अपनी कविता के माध्यम से व्यंग्य का विषय बनाया। कवि डॉ. सुरेश यादव ‘जख्मी’ ने अपने ओजपूर्ण अंदाज में कविता प्रस्तुत करते हुए कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, आत्मविश्वास और हौसले को बनाए रखना जरूरी है। उनके काव्य पाठ पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। कवि वीरेन्द्र अबोध सरधना ने सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के बीच युवाओं की चुनौतियों को अपनी कविता का विषय बनाया। उन्होंने रोटी की तलाश में गुजरती जवानी की पीड़ा को शब्दों के माध्यम से सामने रखा। कवि सत्य प्रकाश शर्मा ‘सत्य’ ने संवेदनाओं और मानवीय सहयोग पर आधारित कविता प्रस्तुत की। उन्होंने किसी दुखी व्यक्ति को सांत्वना देने और किसी के घाव पर मरहम लगाने के महत्व को अपनी रचना के जरिए व्यक्त किया। वहीं कवि देवेन्द्र दीक्षित ‘शूल’ ने अपनी कविता के माध्यम से भारतीय संस्कृति और हिंदी भाषा को अपनाने का संदेश दिया। सम्मेलन में अन्य कवियों ने भी अपनी-अपनी रचनाओं का काव्य पाठ किया। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने कवियों की रचनाओं का आनंद लिया और कई प्रस्तुतियों पर तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वंटी आर्य, मनोज शर्मा, संजय दुबे, शगुन आर्य, अर्जुन शर्मा, मनु द्विवेदी, शिवकांत शर्मा, रिंकू शर्मा, प्रकाश उपाध्याय, हर्षित उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
INPUT – PUSHPAKANT SHARMA










