Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस : देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित किए जा रहे माहव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनसरोकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी है। इसी क्रम में अभियान के तहत पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने जनपद के दो विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान पठन-पाठन सामग्री प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। जनपद के लाखनू और पूरा के विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा ही समाज व राष्ट्र के निर्माण की सबसे सुदृढ़ नींव है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक व्यक्तित्व एवं उनके कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
छात्रों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करने के उद्देश्य से पंडित आशीष शर्मा ने एक विशेष घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वितरित की गई नोटबुक्स के पिछले पृष्ठ पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ मुद्रित है। जो भी विद्यार्थी इस राष्ट्रगीत को सबसे पहले शुद्धता के साथ याद करेगा, उसे विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस पहल से छात्रों में अध्ययन के साथ-साथ देशप्रेम के प्रति भी खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा की इस सेवा कार्य की सराहना की, उनका स्वागत किया तथा राधा कृष्ण की तस्वीर प्रतीक चिन्ह की रूप में भेंट की साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

INPUT – RAHUL SHARMA










