Visitors have accessed this post 53 times.
हाथरस : 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती और स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद मसूरिया दीन पासी की जयंती के अवसर पर हाथरस में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम हाथरस गेट स्थित गांधी पार्क में हुआ, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता सेनानी मसूरिया दीन पासी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान पर संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद मसूरिया दीन पासी का संघर्ष और देश के प्रति समर्पण भी प्रेरणादायी रहा। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। देश की एकता, भाईचारे, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी मसूरिया दीन पासी के योगदान का भी स्मरण किया और कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरिया दीन पासी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
INPUT – AMIT SHARMA











