Visitors have accessed this post 61 times.

हाथरस : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने ऋण वसूली और एनपीए (NPA) खातों के निस्तारण को लेकर हाथरस क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में 3 नवंबर 2026 को सिकंदराराऊ तहसील के अंतर्गत जरेरा शाखा की ओर से ग्राम जरेरा क्षेत्र में एक एनपीए ऋण खाते के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की गई। बैंक के इस अभियान का उद्देश्य बकाया ऋणों की वसूली के साथ अन्य ऋणधारकों को समय पर भुगतान के प्रति जागरूक करना भी रहा। बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला डंडा निवासी एनपीए खाताधारक धर्मेन्द्र कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। कुर्की की प्रक्रिया के दौरान सिकंदराराऊ थाना पुलिस का सहयोग प्राप्त हुआ। वहीं, राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार, संबंधित अमीन और लेखपाल की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई पूरी कराई गई। अभियान के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी भी कराई गई, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों तक बैंक की वसूली कार्रवाई की जानकारी पहुंच सके। इसके माध्यम से बैंक ने अन्य बकायेदारों को भी समय से ऋण की किस्तें और बकाया राशि जमा करने का संदेश दिया। इस विशेष अभियान में क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक हिमांशु शर्मा, जरेरा शाखा प्रबंधक के.पी. सिंह सहित बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और रिकवरी टीम के सदस्य मौजूद रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक के निर्देशन में बैंक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग के आपसी समन्वय से अभियान संपन्न हुआ। बैंक ने ऋणधारकों से की समय पर भुगतान की अपील उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओर से ऋणधारकों से अपील की गई है कि वे अपने बकाया ऋण का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करें। बैंक ने स्पष्ट किया कि ऋण वसूली बैंकिंग व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और बकाया खातों के निस्तारण के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे। समय पर ऋण अदायगी करने से खाताधारक वैधानिक वसूली प्रक्रिया और कुर्की जैसी कार्रवाई से बच सकते हैं।

INPUT – AMIT SHARMA