Visitors have accessed this post 27 times.

दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में सिकंदराराऊ के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में दीप सज्जा एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक दीप सज्जा और मनमोहक रंगोलियां बनाईं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी, भाईचारा सेवा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव तथा समाजसेवी श्रीकृष्ण दीक्षित फौजी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने विभिन्न रंगों और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी सुंदर रंगोलियों और आकर्षक दीप सज्जा ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित त्योहार मनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, जिसे सभी को हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बच्चों को तेज आवाज वाले और हानिकारक पटाखों से दूर रहने की सलाह दी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने सभी से सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, शरद शर्मा, अनिल उपाध्याय, मनीष शर्मा, विवेक धनगर, अनुपम तोमर, गौरी माहौर, संध्या शर्मा, सोनी यादव, सोनी बघेल, रजनी गोला, भूमि सैनी, योगिता सैनी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश भी दिया गया।

INPUT – NEERAJ GUPTA