Visitors have accessed this post 17 times.
गोरखपुर के चिलुआताल थाने में ब्राह्मण युवक शिवम पांडेय और उनकी मां पूनम पांडेय के साथ कथित दुर्व्यवहार और अपमान का मामला सामने आने के बाद राष्ट्रीय विप्र एकता मंच भारत ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। संगठन की ओर से प्रेस को जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि चिलुआताल थाने में तैनात इंस्पेक्टर सूरज सिंह ने युवक शिवम पांडेय के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप के मुताबिक, इंस्पेक्टर ने युवक से अपने जूते पर थूकवाकर उसे चाटने के लिए मजबूर किया। इसके अलावा शिवम पांडेय और उनकी मां पूनम पांडेय के साथ जातिसूचक गालियों का इस्तेमाल कर अपमानित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। राष्ट्रीय विप्र एकता मंच भारत ने इस पूरे मामले को मानव गरिमा, सामाजिक सम्मान और संविधान में दिए गए समानता के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने उत्तर प्रदेश शासन और प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।
संगठन ने रखीं ये प्रमुख मांगें
पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने मांग की है कि घटना के समय चिलुआताल थाने में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखी जाए और उसे सार्वजनिक किया जाए। साथ ही, आरोपी इंस्पेक्टर सूरज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। संगठन ने यह भी मांग की है कि कथित जातिसूचक अपमान, मारपीट और अमानवीय व्यवहार के आरोपों की गंभीरता से जांच करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पीड़ित शिवम पांडेय और उनकी मां पूनम पांडेय को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।
न्याय नहीं मिला तो गोरखपुर में आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि यह लड़ाई किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि एक मां की गरिमा, बेटे के स्वाभिमान और कानून की मर्यादा की रक्षा के लिए है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरखपुर जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो राष्ट्रीय विप्र एकता मंच भारत के पदाधिकारी गोरखपुर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपों की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
INPUT – NEERAJ GUPTA











