Visitors have accessed this post 4 times.
बाल दिवस के अवसर पर पुरदिलनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक व्यंजन स्टॉलों ने मेले को खास बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री सुरेश चन्द्र आर्य एवं प्रधानाचार्य श्री हरिशंकर शर्मा ने फीता काटकर किया। इसके बाद बाल मेले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बाल मेले में चित्रकला प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हस्तकला प्रदर्शनी, खेलकूद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सहित कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए व्यंजनों के माध्यम से पाककला, रचनात्मकता और कार्यकुशलता का परिचय दिया। मेले में पहुंचे अभिभावकों और अतिथियों ने भी बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग, स्वावलंबन और उद्यमशीलता की भावना विकसित करना था। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश कुमार चैचाणी ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ-साथ उनमें व्यावहारिक ज्ञान और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य श्री हरिशंकर शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती बेबी रानी चौहान, सुश्री प्रियंका एवं श्री विवेक राजपूत ने किया। उनके कुशल संयोजन में मेले की सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। इस अवसर पर श्री विनीत जाखेटिया, श्रीमती दीपिका माहेश्वरी, श्रीमती दीक्षा माहेश्वरी, श्री राजन सिंह, श्री राकेश कुमार, श्री शिशुपाल सिंह, श्री हरपाल सिंह, श्री विक्रम सिंह, श्री अनिल कुमार, श्री राहुल राजौरिया, श्री प्रवीण कुमार, श्री दिनेश, श्री नीरज कुशवाहा, श्रीमती शकुंतला देवी, श्रीमती रजनी, श्रीमती पूजा एवं श्रीमती अंजली सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA










