Visitors have accessed this post 8 times.

हसायन विकासखंड क्षेत्र के गांव बनवारीपुर निवासी एवं राधे बाबा आश्रम, गंगाघाट कछला के महंत संत मधुसूदन दास ब्रह्मचारी उर्फ मालती बाबा का रविवार 22 नवंबर को करीब 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते समय उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही शिष्यों, अनुयायियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि संत मधुसूदन ब्रह्मचारी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अलीगढ़ में चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर रविवार को उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। संत मधुसूदन दास ब्रह्मचारी उर्फ मालती बाबा परम पूज्य श्री श्री 1008 संत सम्राट अनंत विभूषित श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज के परम शिष्य थे। वे राधे बाबा आश्रम, गंगाघाट कछला के महंत के रूप में धार्मिक एवं आध्यात्मिक जीवन व्यतीत कर रहे थे। उनके पारिवारिक संबंध हसायन कस्बे के मोहल्ला किला खेड़ा निवासी भाजपा के पूर्व मंडलाध्यक्ष दीपक शर्मा से भी थे। वे उनके रिश्ते में मामा लगते थे। परिजनों के अनुसार, संत मधुसूदन ब्रह्मचारी बचपन से ही धार्मिक प्रवृत्ति के थे। पूजा-पाठ, जप-तप और ईश्वर की भक्ति में उनकी विशेष रुचि थी। उन्होंने कम उम्र में ही घर-परिवार और गांव बनवारीपुर का त्याग कर गंगा मैया के धाम कछला घाट को अपना निवास बना लिया था। यहीं रहकर उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन साधना और भक्ति में समर्पित कर दिया। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए गंगाघाट स्थित आश्रम ले जाया गया। यहां शिष्यों, अनुयायियों और परिजनों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संत परंपरा के अनुसार विधि-विधान और पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके शिष्यों और अनुयायियों ने मां गंगा तथा परमपिता परमेश्वर से दिवंगत संत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। संत मधुसूदन ब्रह्मचारी मालती बाबा के निधन से उनके परिवार, रिश्तेदारों, शिष्यों और अनुयायियों में गहरा शोक व्याप्त है।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH