Visitors have accessed this post 45 times.

हाथरस : जनपद की सादाबाद तहसील क्षेत्र में स्थित प्राचीन तीर्थ स्थल बनखंडी महादेव शिव मंदिर तक जाने वाले क्षतिग्रस्त कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। ग्राम मांगरु एवं आसपास के ग्रामीणों ने सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू चौधरी को प्रार्थना पत्र सौंपकर सड़क निर्माण और मंदिर क्षेत्र के विकास की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि ग्राम मांगरु से घड़ी एवरन स्थित प्राचीन बनखंडी महादेव शिव मंदिर तक जाने वाला लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा मार्ग वर्तमान में कच्चा और उबड़-खाबड़ है। इस मार्ग से रोजाना ग्रामीणों के साथ-साथ दूरदराज से आने वाले श्रद्धालु भी गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्राचीन मंदिर से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु कावड़ चढ़ाने आते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में स्थानीय अधिकारियों द्वारा सड़क निर्माण के लिए सर्वे भी कराया गया था, लेकिन वित्तीय व्यवस्था न होने की बात कहकर मामला लंबित छोड़ दिया गया। अब क्षेत्रवासियों ने विधायक से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग का निर्माण कराया जाए और मंदिर क्षेत्र का समुचित विकास किया जाए।
इस दौरान प्रशांत शर्मा सहित समस्त ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण को लेकर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई है।

इनपुट : राहुल शर्मा