Visitors have accessed this post 153 times.
सिकंदराराऊ : 29 अप्रैल 2026 बच्चों के स्वास्थ्य और मध्यान्ह भोजन योजना (MDM) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार को उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ संजय कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के संविलियन विद्यालय नगला शीशगर में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय में बच्चों को वितरित किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मीठा मिश्रित दूध की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत उसका नमूना जांच के लिए संग्रहित कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार विद्यालय में मीठा मिश्रित दूध की सप्लाई ग्रामीण महिला विकास लोक कल्याण संस्थान, गढ़ी बुद्धू खां, रेलवे रोड, सिकंदराराऊ द्वारा की जा रही है। संस्था का पंजीकृत कार्यालय सी-83, गोविंद नगर, गाजियाबाद में स्थित है। प्रशासन द्वारा लिया गया नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी एमडीएम की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

INPUT – NEERAJ GUPTA











