Visitors have accessed this post 35 times.
सिकंदराराऊ : पालिका कार्यालय में सफाई कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। मामला जीटी रोड पर नाला सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता और सफाई नायक के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग से जुड़ा है। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। जानकारी के अनुसार कार्यवाहक सफाई नायक अजय कुमार जीटी रोड पर जेसीबी मशीन से नाले की सफाई कार्य करा रहे थे। इसी दौरान हुमेरा गेस्ट हाउस के पास लोहे के कबाड़ व्यापारी नूरी ने सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सफाई कार्य रुकवा दिया। आरोप है कि बाद में वह पालिका कार्यालय पहुंचा और अध्यक्ष के सामने ही सफाई नायक के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने पालिका कार्यालय में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और चेयरमैन मुहम्मद मुशीर कुरैशी तथा अधिशासी अधिकारी संदीप सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल नहीं भेजा गया, तो वे हड़ताल कर आंदोलन शुरू करेंगे। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी नाला सफाई के दौरान एक दुकानदार द्वारा सफाई नायक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया था। चेयरमैन मुहम्मद मुशीर कुरैशी ने कहा कि सफाई कार्य में बाधा डालने, पालिका कर्मचारियों से मारपीट और अभद्रता करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

INPUT – NEERAJ GUPTA











