Visitors have accessed this post 213 times.

हाथरस में खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए मिलावटखोरी पर लगाम कसने में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सासनी के विजयगढ़ रोड स्थित टेकचंद्र से दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं, प्राप्त शिकायत के आधार पर मेंडू निवासी रविकांत गुप्ता से रबड़ी का सैंपल भी संग्रहित किया गया।
इसके अलावा, मॉडल प्राइमरी विद्यालय रुहेरी में बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए तैयार रोटी और दाल के नमूने भी लिए गए हैं।
खाद्य विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य टीम के सदस्य ओमकार कुशवाहा और डॉ. विकास भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में निरीक्षण और नमूना कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।