Visitors have accessed this post 55 times.

सिकंदराराऊ के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर पेड़ वाले स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापक डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन पत्रकार विनय चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर अतिथियों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता सुमंत किशोर सिंह ने कहा कि पुरस्कार वितरण समारोह बच्चों में केवल सम्मान ही नहीं बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है और छात्रों के आत्मविश्वास को मजबूत करता है। भाईचारा सेवा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में बेहतर प्रदर्शन की भावना विकसित करते हैं। वहीं अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक केपी सिंह ने बच्चों को मोबाइल से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान देने और आपात स्थिति में धैर्य रखने की सलाह दी। प्रधानाध्यापक डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि मेहनत और प्रतिस्पर्धा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पति बनी सिंह बघेल ने कहा कि सही पुरस्कार प्रणाली बच्चों में सकारात्मक सोच और सफलता की प्रेरणा जगाती है। प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत फूलमाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जहीरूद्दीन पीरजादा, डॉ. शमशाद अहमद, योगेश उपाध्याय, चेतन शर्मा, राजीव चतुर्वेदी, धीरू वर्मा, पंकज पंडा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA