Visitors have accessed this post 95 times.

पुरदिल नगर क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं श्रद्धालु दिनेश शर्मा स्नेही आगामी 10 मई 2026 को पवित्र अमरनाथ धाम के लिए एक ऐतिहासिक और साहसिक पैदल यात्रा पर रवाना होने जा रहे हैं। यह लगभग 1700 किलोमीटर लंबी धार्मिक यात्रा 60 दिनों में पूरी होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, दिनेश शर्मा स्नेही यात्रा आरंभ करने से पूर्व स्थानीय मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे तथा अपने बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, साहस और आध्यात्मिक शक्ति का भी उदाहरण मानी जा रही है। यात्रा का मार्ग पुरदिल नगर से प्रारंभ होकर अलीगढ़, हरिद्वार, नैना देवी, चिंतपूर्णी, बगलामुखी, कांगड़ा देवी, चामुंडा देवी, ज्वाला देवी, वैष्णो देवी होते हुए अंततः अमरनाथ धाम तक पहुंचेगा। इस कठिन यात्रा के दौरान उन्हें पहाड़ी रास्तों, बदलते मौसम और लंबी दूरी जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन श्रद्धालु दिनेश शर्मा स्नेही का कहना है कि भगवान शिव और माता रानी की कृपा से वह अपनी यात्रा अवश्य पूर्ण करेंगे। क्षेत्रवासियों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोग उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं। 10 मई को नगर में उनके भव्य स्वागत और विदाई की तैयारियां भी की जा रही हैं।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA